Tuesday, July 8, 2008
इस मीठे शहर में…सदभाव हो रोशन
इस मीठे शहर में
ये कौन यहॉं बो गया
दुःख-दर्द के रोपे
कौन इसे दे गया
नफ़रत के ये तोहफ़े
फूटे अब करुणा की नदी
इसकी नज़र से
अब और नहीं रोना इसे
मनहूस ख़बर से
ये व़क़्त है आओ
मिलजुल के विचारें
शांति से चलो आज
हमदर्दी उचारें
ग़ालिब की ग़ज़ल
तुलसी की चौपाई उधर से
हर एक डगर से
हर एक अधर से
इस मीठे शहर में
सदभाव हो रोशन
-नईदुनिया में प्रकाशित वरिष्ठ कवि श्री नरहरि पटेल की ताज़ा कविता.
Sunday, July 6, 2008
कर्फ़्यू के बाद थोड़ी हवा भी आने दो !
सारे अख़बार पढ़ लिये
रिश्तेदारों से भारत भर
में बातें हो गईं
पडौसी से अबोला था
वह भी टूट गया
जो न पढ़ने थे
वे चिट्ठे भी पढ़ लिये
गली में क्रिकेट भी हो गया
दाल-चावल भी खा लिये कई बार
राजनीति भी हो ली
और ख़ून की होली
सारे शगुन तो हो गए
कर्फ़्यू भी चल गया दिन रात
सियासत की बिछी बिसात
अब थोड़ी हवा आने दो न
Friday, July 4, 2008
कर्फ़्यू के साये में ख़ामोश मेरे शहर से एक इल्तिजा !
किसी शहर को अमन
नसीब से मिलती है धूप
गली मोहल्ले की रौनक़े
बच्चों की आवाज़ें,शोर
नसीब से मिलता है
दरवाज़े पर दूध
अख़बार और सब्ज़ियाँ
मिलते हैं नसीब से पास-पडौस
सोहबतें और ठहाके
नसीब से मिलता है
विश्वास,अपनापन और हँसी
नसीब से ही मिलते हैं
भाईचारे और जज़बात
नसीब से ही मिलता है
किसी शहर को इत्मीनान
सुक़ून की पहचान
और ज़िन्दगी बख़्शते अवाम
तो जो मिल गया है नसीब से
उसे मत गँवाइये
अपने शहर को उसकी पहचान दिलवाइये
उसे फ़िर रफ़्तार पर लाइये
रोकिये मत उसके स्पंदन को
आप ही को करना पड़ेगा ये सब
हाँ , करना ही पड़ेगा
क्योंकि कुछ काम नसीब के भरोसे
नहीं छोड़े जा सकते
उसके लिये कीजिये कुछ ऐसी जुम्बिश
कि दुनिया कहे इसी का नाम तो
है ज़िन्दादिली
शहर की ज़िन्दादिली उसमें
रहने वाले लोगों से होती है
वह आप से होती है
लोग जानते हैं
आप ज़िन्दादिल हैं.
ये सिर्फ़ एक शहर नहीं ; इंसानियत की आवाज़ है !
कोई चाह रहा है करो इसे बंद
कोई चाह रहा है खुला रहे ये
ग़रीब कुलबुला रहा है महंगाई में
अमीर मना रहा है पिकनिक
उसे मिल गया है सप्ताहांत का एक बहाना
केसरिया ने कहा करो बंद
हरा कहेगा अब करो बंद
रंगो में बटा मेरा शहर
अमन पसंद है
इसकी तहज़ीब में
अमीर ख़ाँ की तान
और विष्णु चिंचालकर के रंग हैं
मैडम पद्मनाभन का है संस्कार
इसके स्वाद में है जलेबी-पोहे की चटख़ार
लौट आएगा ये शहर जल्द ही रूठे बेटे की तरह
सुबह का भूला जो ठहरा
अभी कहाँ गूँजी है पूरी तरह से स्कूल में
जा रहे नये बच्चों की किलकारियाँ
अभी कहाँ महकी है बारिश की बूँद
ये तो शहर है शानदार रिवायतों का
भूला देता है ज़ख़्म , लगा देता है मरहम
ये शहर है अरमानों का
जज़बातों का
नेक इरादों का
मुझे इस पर नाज़ है
ये सिर्फ़ एक शहर नहीं
इंसानियत की आवाज़ है
Tuesday, July 10, 2007

Thursday, July 5, 2007

Wednesday, July 4, 2007
हलचल
- देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति डाँ.भागीरथप्रसाद के भगीरथी प्रयासों और डाँ.बालकृष्ण पंजाबी के अथक के परिश्रम से 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य संग्राम पर एकाग्र कार्यक्रम का एक भावपूर्ण आयोजन शहर में सम्पन्न हुआ.इस अवसर पर डाँ.पंजाबी द्वाराsसंपादित सुन्दर बुकलेट का विमोचन संपन्न हुआ.पूरे देश में संभवत: एकमात्र देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ऐसा शिक्षा संस्थान है जिसने 1857
के महानायकों का स्मरण किया.
-कला और संस्कृति क्षेत्र में सक्रिय संस्था रस-भारती ने अपने कलाकार सदस्यों द्वारा आयोजित दो हास्य नाटकों की प्रस्तुति माथुर सभागार में संपन्न हुई.
-डाँक्टर्स के की पूर्व संध्या पर शहर के डाँक्टर्स के संगीत समूह स्पंदन ने रजनीगंधा शीर्षक से एक सुरीली प्रस्तुति देते हुए शहर के मानसून फ़िज़ाँ की खु़मारी बढा़ दी.
-बच्चों में रंगकर्म के ज़रिये रचनात्मता में इज़ाफ़ा करने वाली कलाकर्मी आशा कोटिया की पहली बरसी पर एक विशेष आयोजन संपन्न हुआ.बरसों बाद ग्रीष्म -अवकाश में बच्चे आशा कोटिया का बाल नाट्य शिविर हल्लागुल्ला ख़ामोश रहा.
-एक ख़ास मेहमान आख़िर आ ही गया जिससे ज़िन्दगी की सारी हलचल फीकी ही रहती है..वे गरजे भी और बरसे भी...स्वागत मेघराज.
-रंगकर्मी श्री तपन मुखर्जी चोटग्रस्त हुए अब सीएचएल अपोलो में स्वास्थ लाभ ले रहे हैं.दादा जल्दी ठीक हो जाइये..इन्दौरनामा की दुआएं
-युवा गायिका सारिका सिंह ज़ी-टीवी के मेगा शो संगीत का विश्वयुद्द (कार्यक्रम का नाम ही बेसुरेपन की आहट देता है) के फ़ायनल पहुँची..ग्लैमर की दुनिया का अनुभव तो अच्छा रहा लेकिन शो की प्रक्रिया से हताश नज़र आईं..इसी तरह का अनुभव वाँइस आँफ़ इंडिया में आँचल खुराना का भी रहा (मत जाओ न अब ऐसे शो’ज़ में)
-रेडियो मिर्ची के बाद एडलैब्स और दैनिक भास्कर के एफ़.एम रेडियो स्टेशन की जल्द शुरू होने जा रहे हैं...इन्दौर सुरीला होगा या करकश ? वक़्त ही तय करेगा लेकिन यह तय है कि शहर में विविध-भारती सहित चार स्टेशन्स की मौजूदगी इन प्रसारण संस्थानों के लिये ज़बरदस्त चुनौती होगी वि वे अपने आप को डिफ़रेंट साबित करें
-युवा गायक राजेश पँवार ने पिछले दिनों लाइफ़ ट्युन्स के बैनर तले एक संगीत प्रस्तुति देकर शहर के साइड रिदमिस्ट परेश राजपूत के लिये धन-संग्रह किया.परेश लाजवाब कलाकार हैं और स्व.हेमंतकुमार के आर्केस्ट्रा में बजा चुके हैं और इन दिनों कैंसर रोग से पीडि़त हैं.राजेश शहर के गुणी कलाकार हैं और उनकी इस नेक ख़याली की निश्चित रूप से प्रशंसा की जानी चाहिये कि उन्होने अपने गायन के ज़रिये शहर के एक दूसरे कलाकार के लिये सहयोग का हाथ बढा़या है.(अपडेट किया 10.07.08 को )
